कबड्डी अंडर 17 में बालिका एवं बालक टीम का प्रदर्शन रहा अव्वल
कटिहार- सरकारी एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के प्रमंडलस्तरीय एथलीट एवं खेल प्रतियोगिता में कटिहार जिले का प्रदर्शन अव्वल रहा। जिला स्कूल मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिला का प्रतिनिधित्व कर रही टीमों ने अलग-अलग बालिका एवं बालक दोनों वर्ग का कबड्डी फाइनल मुकाबला अपने नाम कर कटिहार जिले को गौरवान्वित किया है।
कबड्डी अंडर 17 बालिका वर्ग की प्रतियोगिता में आजमनगर प्रखंड के उमावि अरिहाना की टीम का प्रदर्शन उत्साहवर्धक रहा। टीम प्रभारी शिक्षक विप्लव कुमार के मार्गदर्शन एवं कप्तान संगीता कुमारी के नेतृत्व में गूंजा कुमारी बरारी सहित अन्य खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में अररिया की टीम को 27-16 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। इससे पहले सेमीफाइनल में टीम ने किशनगंज को 32-7 के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
टीम ने शानदार तालमेल और खेल कौशल का परिचय दिया। वहीं बालक वर्ग में जिला की ओर से अयोध्या प्रसाद हाई स्कूल की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पूर्णिया को पराजित कर फाइनल मुकाबला जीत लिया।
टीम का नेतृत्व मनीष कुमार ने किया। जबकि प्रभारी सिकंदर कांत विश्वकर्मा रहे।दोनों वर्गों की टीम द्वारा विजेता ट्रॉफी प्राप्त करने पर खिलाड़ियों,प्रशिक्षकों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। वही जिले के खेल प्रेमियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके स्टेट टाॅपर होने की कामना की है।