कुरसेला /कटिहार – थाना क्षेत्र के बल्थी महेशपुर निवासी सुबोध मुनि का पुत्र शिवम कुमार(15) हरियाणा के अंबाला से घर आने के दौरान लापता हो गया। पिछले 20 दिनों से वह घर नहीं लौटा है। काफी खोजबीन के बाद भी किशोर का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों के अनुसार शिवम कुमार अंबाला में मजदूरी करता था। जहां से वह बीस दिन पहले घर के लिए निकला था।
इसी दौरान वह लापता हो गया। उसकी तलाश में काफी प्रयास किए गए, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। किशोर के लापता होने से परिवार के लोग अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित हैं। परिजनों ने पुलिस प्रशासन और आम लोगों से शिवम की तलाश में मदद करने की अपील की है।
सोशल मीडिया के माध्यम से भी किशोर की तस्वीर और जानकारी साझा कर लोगों से सहयोग मांगा जा रहा है। परिजनों ने अपील की है कि शिवम के संबंध में किसी भी व्यक्ति को जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस या उसके परिवार को सूचना दें। ताकि किशोर को सकुशल खोजा जा सके।