घटना के समय पहने गए कपड़े और मोबाइल बरामद
पूर्व में पांच आरोपित भेजे जा चुके हैं न्यायिक हिरासत में
कटिहार – नगर थाना क्षेत्र के हरिगंज चौक और पटेल चौक के बीच अधिवक्ता अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी की हत्या के मामले में कटिहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड के दो मुख्य आरोपितों मुजम्मिल उर्फ खोखा (47) और छोटू उर्फ मो. असलम (42) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपित मुजम्मिल उर्फ खोखा के पास से घटना के समय पहने गए कपड़े और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
इस मामले में पूर्व में पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। नगर थानाध्यक्ष कुन्दन कुमार सिंह ने बताया कि 5 अक्टूबर 2026 को नगर थाना क्षेत्र में हरिगंज चौक और पटेल चौक के बीच अज्ञात अपराधियों ने अधिवक्ता अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी की चाकू और गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल अधिवक्ता को अस्पताल भेजा। जहां उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 1182/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-01 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार मुजम्मिल उर्फ खोखा और छोटू उर्फ मो. असलम, दोनों के पिता स्वर्गीय मो. बिलटू साकिन रामपाड़ा, थाना नगर,जिला कटिहार बताए गए हैं। पुलिस ने मुजम्मिल उर्फ खोखा के पास से घटना के समय पहने गए कपड़े और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इस हत्याकांड में संलिप्त पांच अन्य आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। दोनों मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।