महियारपुर में डीएफओ सत्येंद्र झा के नेतृत्व में
छापेमारी कार्रवाई रोकने का प्रयास
मनिहारी/ कटिहार – मनिहारी प्रखंड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित आरामिलों के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को तीन आरामिलों को जब्त कर लिया। डीएफओ सत्येंद्र झा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने महियारपुर, मनोहरपुर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों द्वारा विभागीय कार्रवाई रोकने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई है।
डीएफओ सत्येंद्र झा ने बताया कि सहयोग पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आलोक में मिले आदेश के आधार पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान तीनों आरामिलों के संचालन से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद विभागीय टीम ने तीनों आरामिलों को जब्त करने की कार्रवाई की। वन विभाग की कार्रवाई मनोहरपुर पंचायत निवासी शेख कालू, पिता अफजर अली, मो.सगीर उर्फ बदरुद्दीन,पिता मैनुअल हक तथा मो. इमाम, पिता अरशेद अली के आरामिलों पर हुई। डीएफओ के अनुसार कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने गाड़ियों में लदी मशीनरी और वाहनों को रोककर विभागीय कार्रवाई बाधित करने का प्रयास किया।
इसकी सूचना मिलने पर मनिहारी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। वन विभाग के पदाधिकारियों की तत्परता और सूझबूझ से कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी की गई। डीएफओ ने कहा कि बिना वैध अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के आरा मिल का संचालन नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग की ओर से अवैध आरामिलों के खिलाफ जांच और छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।