ठाकुरगंज में वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की टेम्पू जब्त, दो मोबाइल भी बरामद
किशनगंज: जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठाकुरगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 165.71 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके से बिना नंबर प्लेट का एक टेम्पू और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के हेदरनगर पेट्रोल पंप के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस की नजर एक बिना नंबर प्लेट वाले टेम्पू पर पड़ी। संदेह के आधार पर टेम्पू की तलाशी ली गई, जिसमें 165.71 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज थाना क्षेत्र के फाटापुकुर निवासी 33 वर्षीय राज ग्वाला, कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के गोराबाड़ी निवासी 35 वर्षीय केदारनाथ बंजारा तथा पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा थाना क्षेत्र के देवनागांव निवासी 21 वर्षीय सुमन उरांव दिग्गी के रूप में हुई है।
टेम्पू, मोबाइल और शराब जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 165.71 लीटर विदेशी शराब, बिना नंबर प्लेट का एक टेम्पू और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस संबंध में ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 295/2026 दर्ज कर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही तस्करी से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।