कोचाधामन पुलिस की कार्रवाई, बंगाल नंबर की कार जब्त; बिहार मद्यनिषेध कानून के तहत मामला दर्ज
किशनगंज/सरफराज आलम
जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोचाधामन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मस्तान चौक के पास वाहन जांच के दौरान एक कार से 109.56 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में कार चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को गुप्त सूचना के आधार पर कोचाधामन थाना क्षेत्र के मस्तान चौक के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पश्चिम बंगाल के पंजीकरण नंबर WB74R 5157 वाली एक कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 109.56 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
कार चालक की पहचान किशनगंज जिले के चकला घाट निवासी मोनाहिद आलम, पिता शाहिद आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में कोचाधामन थाना कांड संख्या 518/2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की होगी जांच
पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि शराब की आपूर्ति के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। अवैध शराब के कारोबार में शामिल अन्य लोगों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
कार्रवाई में कोचाधामन थानाध्यक्ष पु०नि० मो० इजहार आलम, धनपुरा पिकेट प्रभारी पु०अ०नि० प्रदीप कुमार, पीटीसी राजू कुमार साह तथा कोचाधामन थाना एवं धनपुरा पिकेट के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।