मायके में आकर पत्नी और पुत्री के साथ करने लगा हंगामा, पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
निसार अहमद/बहादुरगंज (किशनगंज)
शराबी पति की रोज-रोज की मारपीट और झगड़े से तंग आकर एक महिला ने आखिरकार पुलिस की मदद ली। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया है। घटना गुरुवार रात की है। जहां कोचाधामन थाना क्षेत्र के बड़ीजान निवासी संगीता देवी अपने बच्चों के साथ बहादुरगंज के ठाकुरबाड़ी रोड स्थित अपने मायके में रह रही थी ।
आरोप है कि पति शराब के नशे में धुत होकर बहादुरगंज स्थित ससुराल पहुंच कर घर में हंगामा करने लगा। इस दौरान उसने पत्नी के साथ मारपीट भी की। पति के इस व्यवहार से परेशान होकर संगीता देवी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया।
संगीता देवी के अनुसार उनकी शादी करीब 24 वर्ष पूर्व बड़ीजान निवासी बैसागू बसाक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति शराब पीकर हंगामा करता था तथा घर का सामान बेचकर शराब पी जाता था। रोज-रोज के झगड़े और मारपीट से तंग आकर वह अपनी चार पुत्री एवं एक बेटे के साथ मायके में रहने लगी थी।
बावजूद गुरुवार रात पति द्वारा मायके पहुंचकर कथित तौर पर शराब के नशे में हंगामा करने और मारपीट करने की घटना के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।