पोठिया/इरफान
आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को अर्राबाड़ी थाना परिसर में थानाध्यक्ष कनक लता की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर आयोजित बैठक में पुलिस पदाधिकारियों के अलावा शांति समिति एवं पूजा समिति के सदस्य, समाजसेवी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि रायपुर में मंगलवार को दशमी के अवसर पर मेला लगेगा। बुधवार को एकादशी के दिन प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। वहीं, रात में लोकगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
थानाध्यक्ष कनक लता ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। लाउडस्पीकर कम आवाज में केवल रात 10 बजे तक ही बजाया जा सकेगा। अश्लील एवं भड़काऊ गाने बजाने पर रोक रहेगी। सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। उन्होंने पूजा समितियों को निर्देश दिया कि पंडाल निर्माण के समय बिजली के तारों की स्थिति की जांच कर लें और किसी भी प्रकार की समस्या का समय रहते समाधान कराएं।
उन्होंने कहा कि दोनों समुदायों को आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाना चाहिए। पूजा समिति के सदस्य सक्रिय रहकर व्यवस्था संभालें तथा अपने मोबाइल नंबर थाने में उपलब्ध कराएं। समिति के सदस्यों से नशे से दूर रहने और विसर्जन के दौरान पटाखे नहीं फोड़ने की भी अपील की गई। प्रतिमा विसर्जन जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकालने का निर्देश दिया गया।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भी पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। साथ ही पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान रायपुर पंचायत के पूर्व मुखिया शब्बीर अहमद, सरपंच शफ़कत हुसैन, समिति मो. हेलाल,समाजसेवी मोबिन अहमद,पैक्स अध्यक्ष मो. जफीर,इंजिनियर मसीहुज़्ज़मा,कुणाल कुमार,
राज कुमार,मंजर आलम,नवीन दास,डीलर ज़हूर आलम,देव कुमार दास,राजा अमीन बाबू,ज़ुनैद आलम,डॉक्टर करीम, शारिक आलम,विशु मुर्मू,शमशाद आलम,जयंत कुमार दास,आदि मौजूद रहे।