किशनगंज/सागर चंद्रा
खनन विभाग की टीम ने अवैध बालू लदे 4 ट्रैक्टरों को जप्त किया है। हालांकि चालक मौके से फरार हो जाने में सफल रहा। जप्त किए गए सभी ट्रैक्टरों को अग्रतर कार्रवाई के लिए टाउन थाने को सुपुर्द कर दिया गया है। खान निरीक्षक सुनील कुमार के लिखित शिकायत पर सभी ट्रैक्टरों के चालक और मालिक के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह छापेमारी करने निकली खनन विभाग की टीम ने मदारी टोला छगलिया के पास 04 अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को परिवहन करते देखा। पुलिस बल को अपनी ओर आते देख चालक वाहन छोड़कर भाग गया। जिसे जप्त कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
खान निरीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान सभी ट्रैक्टरों पर 100-200 सीएफटी बालू लदा पाया गया है । नतीजतन वाहन चालक और मालिक से भारी जुर्माना वसूला जाएगा।