मेसर्स गणेश भंडार पर ब्रांड की नकल कर चावल बेचने की शिकायत, एक व्यक्ति हिरासत में; पुलिस कर रही मामले की जांच
अररिया/फारबिसगंज/बिपुल विश्वास
फारबिसगंज शहर में दूसरे राइस मिल के पंजीकृत ब्रांड और नाम का कथित तौर पर इस्तेमाल कर चावल बेचने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद फारबिसगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 150 बोरा चावल जब्त किया है। वहीं, पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फारबिसगंज डीएसपी ने मामले की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के नौतनवा स्थित मेसर्स लक्ष्मी राइस मिल के संचालक ने 7 अक्टूबर 2026 को अररिया के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में फारबिसगंज के छुआ पट्टी चौक, वार्ड संख्या-16 स्थित मेसर्स गणेश भंडार पर उनकी कंपनी के पंजीकृत नाम और ब्रांड की नकल कर चावल बेचने का आरोप लगाया गया था।
ब्रांड की नकल कर कारोबार करने का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उनकी फर्म कई वर्षों से अपने पंजीकृत ब्रांड के तहत चावल का उत्पादन और बिक्री करती आ रही है। आरोप है कि संबंधित प्रतिष्ठान द्वारा कथित तौर पर उसी नाम और ब्रांड से मिलती-जुलती बोरियों में चावल भरकर बाजार में बेचा जा रहा था। इससे कंपनी की व्यावसायिक प्रतिष्ठा और कारोबार को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।
शिकायत के बाद पुलिस ने की छापेमारी
लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छापेमारी की। इस दौरान करीब 150 बोरा चावल पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फारबिसगंज डीएसपी ने बताया कि राइस मिल संचालक की शिकायत के आधार पर छापेमारी की गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।