सेमापुर रेलवे ढाला के पास पुलिस ने की कार्रवाई
बाइक, दो मोबाइल और ब्लूटूथ बरामद
बरारी /कटिहार – प्रखंड के सेमापुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सेमापुर रेलवे ढाला के पास छापेमारी कर गांजा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 8 किलो 328 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल और एक ब्लूटूथ बरामद किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना जिले के घोसवरी थाना क्षेत्र के सरमेरा गांव निवासी गणपति कुमार, पिता विशुनदेव और पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र के गणेशपुर निवासी भोला कुमार साव पिता कुमोद साव के रूप में हुई है।
सेमापुर थानाध्यक्ष राम शंकर कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सेमापुर रेलवे ढाला के पास गांजा के साथ कुछ लोग मौजूद हैं। इसके बाद कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।