अररिया/अरुण कुमार
अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट के समीप टोल टैक्स के पास शराब से लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। इसके बाद दुर्घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और ट्रक में लदी शराब की बोतलों को निकालकर ले जाने की होड़ मच गई।
जिसका वीडियो किसी ने बना लिया जो कि तेजी से वायरल हो रहा है ।वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह ग्रामीण युवक,बुजुर्ग,बच्चे शराब की बोतल लूटने में लगे है। यही नहीं महिलाएं भी पीछे नहीं रही और उन्होंने भी शराब पर अपना हाथ साफ कर लिया ।
गौरतलब हो कि बिहार में 2016 से ही शराब बंदी कानून लागू है। जिसके बाद से बड़े पैमाने पर शराब की तस्करी होती है ।ट्रक में लोड शराब भी तस्करी कर लाई जा रही थी।लेकिन ट्रक हादसे का शिकार हो गया ।
दुर्घटना के बाद ग्रामीण दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से शराब की बोतलें निकालकर ले जाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि ट्रक में बड़ी मात्रा में शराब लदी थी। हादसे के बाद चालक और खलासी के फरार होने के बाद मौके पर शराब की लूट शुरू हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। एसडीपीओ सुशील कुमार ने कहा कि दुर्घटना के बाद शराब की लूट हुई है।वीडियो के आधार पर कारवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि इस संबंध मे थाने में मामला दर्ज किया गया है
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और उसमें लदी शराब के संबंध में भी कार्रवाई की जा रही है।