किशनगंज: डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय, किशनगंज में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. सत्यनारायणन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में दोनों महान विभूतियों के जीवन, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के सहयोग से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने महाविद्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों में सफाई की। विद्यार्थियों ने कचरा एवं अनुपयोगी सामग्री एकत्र कर परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया। विद्यार्थियों को स्वच्छ परिसर, स्वच्छ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही स्वच्छता को केवल एक दिन का अभियान न मानकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि महात्मा गांधी का स्वच्छता के प्रति दृष्टिकोण और लाल बहादुर शास्त्री की सादगी एवं कर्तव्यनिष्ठा आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। शिक्षण संस्थान स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस दौरान एनएसएस प्रभारी डॉ. लव कुमार, डॉ. अनुश्री, एनसीसी प्रभारी डॉ. आदयंत, छात्र अधीक्षक डॉ. अर्दित शंकर, मुख्य वैज्ञानिक डॉ. पी.डी. माने, वैज्ञानिक डॉ. इरैया, डॉ. मोशिना अंजुम, डॉ. महेश सहित अन्य वैज्ञानिक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।