संवाददाता/पोठिया
पोठिया प्रखंड के अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार, 02 अक्टूबर को बड़ी कार्रवाई की है। अर्राबाड़ी थानाध्यक्ष कनक लता के नेतृत्व में पुलिस ने रायपुर पंचायत स्थित केशोरझाड़ा जूट फैक्ट्री के समीप से अवैध बालू लदे चार डबल डाला ट्रैक्टरों को जब्त किया। पुलिस ने मौके से चारों ट्रैक्टर चालकों को भी गिरफ्तार किया है।
बताया जाता है कि अर्राबाड़ी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र से अवैध रूप से बालू का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के बाद थानाध्यक्ष कनक लता ने फ़िल्मी अंदाज मे पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, छत्तरगाछ की ओर से चार डबल डाला ट्रैक्टर जैसे ही केशोरझाड़ा जूट फैक्ट्री के पास पहुंचे, पुलिस टीम ने उन्हें घेरकर रोक लिया और सभी वाहनों को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार चालकों की पहचान फारूक (34 वर्ष), पिता इब्राहिम, निवासी कोल्था पुल, थाना पोठिया; नाजिर (19 वर्ष), पिता शमीमुद्दीन, निवासी छत्तरगाछ, थाना पहाड़कट्टा; मनोज पासवान (20 वर्ष), पिता रामचंद्र पासवान, निवासी छत्तरगाछ, थाना पहाड़कट्टा तथा मो. तस्लीम (24 वर्ष), पिता अख्तरुद्दीन, निवासी छत्तरगाछ, थाना पहाड़कट्टा के रूप में हुई है।
जब्त किए गए चार ट्रैक्टरों में दो स्वराज और दो सोनालिका ट्रैक्टर बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र में अगस्त माह में तीन, सितंबर माह में दो तथा अक्टूबर माह की शुरुआत में दो दिनों के भीतर पांच ट्रैक्टर जब्त किए जा चुके हैं।
पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध बालू के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। अर्राबाड़ी थानाध्यक्ष कनक लता ने बताया कि अवैध बालू लदे चार डबल डाला ट्रैक्टरों को जब्त करते हुए चारों चालकों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की सूचना वरीय पदाधिकारियों एवं खनन विभाग को दे दी गई है। सुसंगत धाराओं के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र में अवैध खनन एवं बालू के गैरकानूनी परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।