किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के चिल्हनिया पंचायत अंतर्गत सुहिया रेतुआ नदी के घाट पर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल निर्माण की मांग तेज हो गई है। इसको लेकर जिला परिषद क्षेत्र संख्या-02 की जिला परिषद सदस्य खोशी देवी ने किशनगंज के जिला प्रभारी मंत्री को शुक्रवार को आवेदन देकर सुहिया घाट पर स्थायी पुल निर्माण कराने की मांग की है।
आवेदन में जिला परिषद सदस्य ने कहा है कि सुहिया घाट पर पुल नहीं होने के कारण क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रतिदिन नाव के सहारे रेतुआ नदी पार कर आवागमन करना पड़ता है। बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने से नाव से आवागमन और भी जोखिमपूर्ण हो जाता है। इससे आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, किसानों एवं अन्य ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि नदी पर स्थायी पुल के अभाव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है तथा किसानों को भी आवागमन और कृषि कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा सुहिया घाट पर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल निर्माण की मांग की जा रही है।
ठाकुरगंज विधानसभा से जदयू विधायक गोपाल अग्रवाल एवं जिला परिषद सदस्य खोशी देवी ने प्रभारी मंत्री से जनहित को देखते हुए सुहिया घाट पर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण होने से टेढ़ागाछ सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस महत्वपूर्ण जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए पुल निर्माण की दिशा में शीघ्र पहल करेगी।