विभागीय स्तर पर 106 पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को पुरस्कृत किया गया, जबकि पांच को दंडित और 12 पुलिस पदाधिकारियों/कर्मियों को निलंबित किया गया।
किशनगंज/प्रतिनिधि
जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर किशनगंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान में सितंबर माह के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर 1 से 30 सितंबर 2026 तक वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन और मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ अभियान चलाया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि इस दौरान कुल 297 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वाहनों से शमन की राशि के रूप में 18 लाख 23 हजार 200 रुपये वसूले गए। इसके अलावा डकैती कांड का एक उद्भेदन करते हुए लूटा गया 189 टिन तेल बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान दो पिस्टल, एक देसी कट्टा, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।
पुलिस ने इस अवधि में करीब 2.164 किलोग्राम ब्राउन शुगर/स्मैक/हेरोइन, 1.003 किलोग्राम MDMA, 200 ग्राम गांजा, 3,943.825 लीटर विदेशी शराब और 459.6 लीटर देसी शराब बरामद की। इसके अलावा 20.5 ग्राम सोना, 725 ग्राम चांदी, 182 मवेशी, 51 मोबाइल और 28 मोटरसाइकिल, स्कूटी व साइकिल समेत अन्य सामान जब्त किए गए।
कार्रवाई के दौरान 7 लाख 58 हजार 915 रुपये भारतीय मुद्रा, 4,650 रुपये नेपाली करेंसी और 1 लाख 34 हजार रुपये के जाली नोट भी बरामद किए गए। पुलिस ने 19 ट्रक/ट्रैक्टर, 11 पिकअप व टोटो, एक स्कॉर्पियो समेत कई अन्य वाहनों को भी जब्त किया।
पुलिस विभागीय स्तर पर 106 पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को पुरस्कृत किया गया, जबकि पांच को दंडित और 12 पुलिस पदाधिकारियों/कर्मियों को निलंबित किया गया।
किशनगंज पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों से संबंधित सूचना पुलिस के एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।