आंदोलन, सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे
प्रखंड विकास पदाधिकारी सनत कुमार व प्रखंड जदयू अध्यक्ष मंजय साह ने जूस पिलाकर अनशन तोडवाया
मनिहारी /कटिहार – जीआर राशि का भुगतान कराने और आवास योजना की सूची में वंचित पात्र लाभुकों के नाम जोड़ने की मांग को लेकर गुरुवार को बघार पंचायत के ग्रामीणों ने मनिहारी प्रखंड मुख्यालय परिसर में आमरण अनशन शुरू किया। पंचायत के मुखिया पिंटू यादव के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने आंदोलन शुरू किया।
अनशन के समर्थन में पंचायत के सैकड़ों ग्रामीण प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। अनशन पर बैठे ग्रामीणों ने कहा कि बाढ़ एवं आपदा से प्रभावित कई जरूरतमंद परिवार अब तक जीआर राशि से वंचित हैं। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों का दोबारा सत्यापन कर पात्र लाभुकों को जल्द राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य आवास योजनाओं की सूची में पात्र होने के बावजूद शामिल नहीं किए गए जरूरतमंद परिवारों का पुनः सर्वे कराकर नाम जोड़ने की मांग उठाई।
मुखिया पिंटू यादव ने कहा कि पंचायत के कई गरीब एवं जरूरतमंद परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित हैं। पात्र परिवारों का निष्पक्ष तरीके से सर्वे कराकर उनका नाम आवास योजना की सूची में शामिल किया जाना चाहिए। साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को जीआर राशि का भुगतान जल्द कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि मांगों पर प्रशासन की ओर से ठोस पहल होने तक आंदोलन जारी रहेगा। अनशन स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही और महिलाओं ने भी अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
बीडीओ सनत कुमार ने बताया कि जीआर पोर्टल दोबारा शुरू होने के बाद जीआर राशि से छूटे पात्र लाभुकों के नाम जोड़कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र लाभुकों की सूची जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित कर्मियों के संयुक्त प्रयास से तैयार कर विभाग को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी।