कटिहार – जिला के समेली प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बखरी हनुमान मंदिर मोड़ के समीप गुरुवार को सड़क पार कर रहे एक वृद्ध को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से घायल वृद्ध को आनन-फानन में समेली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। अस्पताल में डॉ. अभिनव प्रकाश ने जांच के बाद वृद्ध को मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान प्रसादी मंडल (70) पिता स्व. कार्तिक मंडल, निवासी ग्राम विशुस्थान बखरी,वार्ड संख्या-11, पंचायत मलहरिया थाना पोठिया, प्रखंड समेली के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि प्रसादी मंडल बखरी से गेहूं पिसाने के लिए डूमर बाजार जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-31 पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थाना की पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस मृतक के परिजनों से घटना एवं मृतक से संबंधित जानकारी जुटा रही है। पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन की पहचान के लिए भी आसपास की जानकारी एवं परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
मृतक के परिवार में चार पुत्र—अर्जुन मंडल, गुलचन मंडल, फुलचन मंडल एवं दिलखुश कुमार तथा तीन पुत्रियां—लाखों देवी, रेखा देवी एवं रिंकू देवी हैं।मौके पर पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार, एसआई चांदनी कुमारी, एसआई राम विलास यादव सहित बिहार पुलिस के जवान मौजूद रहे।