न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

पोषण मेले में गूंजा स्वस्थ बचपन का संदेश, बच्चों का हुआ अन्नप्राशन

गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाज से हुई गोद भराई, पौष्टिक आहार व नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति किया जागरूक

मनिहारी/कटिहार – राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत आईसीडीएस कार्यालय में प्रखंड स्तरीय पोषण मेला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चों का विधिवत अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ गोद भराई की रस्म पूरी की गई।

कार्यक्रम के माध्यम से माताओं एवं गर्भवती महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य और शिशु देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।अन्नप्राशन कार्यक्रम के दौरान माताओं को बताया गया कि बच्चे के छह माह की आयु पूरी करने के बाद स्तनपान के साथ ऊपरी आहार की शुरुआत करना जरूरी है। बच्चों को उम्र के अनुरूप पौष्टिक एवं संतुलित आहार देने से उनके शारीरिक और मानसिक विकास में मदद मिलती है।

पोषक क्षेत्र की आंगनबाड़ी सेविकाओं को बच्चों के पोषण पर नियमित नजर रखने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि बच्चों को समय पर उचित एवं पौष्टिक आहार मिल रहा है।


वहीं गोद भराई कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक खान-पान, स्वच्छता और स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। महिलाओं को प्रसव पूर्व चिकित्सकीयसलाह के अनुसार समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा मां और गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि संबंधित पोषक क्षेत्र की आंगनबाड़ी सेविका गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की नियमित निगरानी करेंगी तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराएंगी।

अधिकारियों एवं कर्मियों ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान इस प्रकार के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ मां एवं स्वस्थ बच्चे की नींव मजबूत करना है।आईसीडीएस के माध्यम से प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

Share this news

Leave a Comment