कटिहार – पुत्रों की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और सुरक्षा की कामना को लेकर माताओं द्वारा किए जाने वाले जितिया व्रत को लेकर क्षेत्र में चहल-पहल बढ़ गई है। पर्व को लेकर बाजारों में खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ दिखाई देने लगी है। कपड़े, फल, पूजन सामग्री और मिठाइयों की दुकानों पर विशेष रौनक देखने को मिल रही है। जितिया पर्व में खाजा का विशेष महत्व माना जाता है। इसे लेकर मिठाई दुकानदारों ने खाजा की विशेष तैयारी शुरू कर दी है। दुकानों पर खाजा को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।
पर्व को देखते हुए दुकानदारों ने पर्याप्त मात्रा में खाजा और अन्य मिठाइयों का भंडारण भी शुरू कर दिया है। ग्राहकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बाजार में खाजा की मांग बढ़ने लगी है। पर्व के पहले दिन शुक्रवार को महिलाएं नहाय-खाय की परंपरा का पालन करेंगी। इस दिन स्नान के बाद पूजा -अर्चना कर महिलाएं निर्धारित प्रसाद एवं भोजन ग्रहण करेंगी।
इसके बाद व्रत की अन्य धार्मिक परंपराएं पूरी की जाएंगी। जितिया व्रत को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार जितिया व्रत माताओं के लिए आस्था और श्रद्धा का प्रमुख पर्व है। माताएं अपने पुत्रों की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुरक्षा की कामना के साथ इस व्रत को करती हैं।
पर्व को लेकर घरों में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाजारों में बढ़ी भीड़ से कारोबारियों में भी उत्साह है। दुकानदारों को पर्व के दौरान अच्छी बिक्री की उम्मीद है।