पवई में 132 तो संदलपुर में 231 मतों के अंतर से प्रतिद्वंद्वियों को दी शिकस्त
जीत के बाद मतदाताओं का जताया आभार
कोढ़ा/ कटिहार- पैक्स चुनाव में समयावधि पूर्ण होने के बाद प्रखंड की पवई और संदलपुर पंचायत में हुए अध्यक्ष पद के चुनाव के परिणाम ने दोनों पंचायतों की तस्वीर साफ कर दी। पवई में पूर्व चेयरमैन सुनील दास ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रदीप पटेल को 132 मतों के अंतर से पराजित कर फिर से जीत दर्ज की, जबकि संदलपुर में राजकपूर जमादार ने पूर्व अध्यक्ष बिंदेश्वरी चौहान को 231 मतों के अंतर से शिकस्त देकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
चुनाव परिणाम सामने आते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार पंडित ने दोनों निर्वाचित पैक्स अध्यक्षों को जीत का प्रमाणपत्र प्रदान किया। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्षों को पैक्स क्षेत्र के किसानों एवं सदस्यों के हित में पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की सलाह दी। पवई पंचायत में चुनाव के दौरान मुकाबला खासा दिलचस्प रहा। चुनाव को लेकर पंचायत में कई दिनों से राजनीतिक सरगर्मी बनी हुई थी।
सुनील दास को रोकने के लिए विभिन्न स्तरों पर रणनीति बनाए जाने की चर्चा रही, लेकिन मतदान के बाद परिणाम ने तमाम समीकरणों को पीछे छोड़ दिया। जमीनी स्तर पर मतदाताओं के साथ उनका व्यक्तिगत जुड़ाव और लंबे समय से क्षेत्र में सक्रियता उनके पक्ष में दिखाई दी। जीत के बाद सुनील दास ने इसे अपनी नहीं बल्कि आम मतदाताओं की जीत बताया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
पैक्स सदस्यों और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वे हर समय उनके साथ खड़े रहेंगे। वहीं संदलपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजकपूर जमादार ने भी क्षेत्र के लोगों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पैक्स से जुड़े किसानों और सदस्यों के हित को प्राथमिकता दी जाएगी। दोनों नवनिर्वाचित अध्यक्षों ने क्षेत्र के विकास और आमलोगों के सुख-दुख में सहभागी बने रहने का भरोसा दिलाया।