कटिहार – स्वच्छ भारत मिशन–शहरी 2.0 के अंतर्गत नगर निगम कटिहार की ओर से स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत एक दिन, एक घंटा, एक साथ थीम पर श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट गाइड के विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने एकजुट होकर श्रमदान किया। इस दौरान सड़क, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई तथा लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है।
बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही कटिहार शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर बनाया जा सकता है। सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने स्वच्छता अभियान में आम लोगों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए स्वच्छ शहर के निर्माण में सभी से सहयोग की अपील की। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने भी स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी और जागरूकता को आवश्यक बताते हुए कहा कि ऐसे सामूहिक अभियान लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
नगर आयुक्त संतोष कुमार ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट गाइड के विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित स्वच्छता एवं नागरिक सहभागिता से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल, सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, अनुमंडल पदाधिकारी डॉ सूरज कुमार, नगर आयुक्त संतोष कुमार, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य नितेश कुमार सिंह,प्रमोद कुमार महतो,निगम पार्षद मुर्तुजा सहित अन्य पार्षदगण, स्काउट गाइड के छात्र- छात्रा विद्यार्थी, नगर निगम के पदाधिकारी अजय कुमार सिंह, राहुल कुमार ,नूर अली खान,कैलाश प्रसाद चौधरी एवं कर्मचारी परवेज सलीम,शाकिब, अभिषेक कुमार सिंह तथा आम नागरिक उपस्थित रहे।