संवाददाता:मुरलीधर झा
किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र के पाँचगाछी वार्ड संख्या 6 गांव में गुरुवार को सुबह तेंदुए के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। कथित तेंदुए के हमले में चार महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद गांव एवं आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना में घायल महिलाओं की पहचान महाजनी खातून, पिता कैयूम आलम, नसरीन खातून, पति मोहम्मद बादशाह, हेना खातून, पिता इस्माइल तथा फिरोजा खातून, पति अबूशमा के रूप में हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिघलबैंक ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम पाँचगाछी गांव पहुंची। वनकर्मियों ने घायल महिलाओं एवं स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
वन विभाग के कर्मियों ने ग्रामीणों से कहा कि तेंदुआ दोबारा दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे पकड़ने का प्रयास नहीं करें और तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दें। घटना के बाद ग्रामीणों में तेंदुए को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।