इरफान/पोठिया
प्रखंड अंतर्गत कस्बा कलियागंज पंचायत के सैठाबाड़ी स्थित बैदिक आश्रम गांधी पुस्तकालय के प्रांगण में गुरुवार, 1 अक्टूबर को भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्वच्छता कर्मियों द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं कर्मियों ने श्रमदान करते हुए पुस्तकालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की।
कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश देना रहा। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता का प्रतीक है। जब युवा, स्थानीय नागरिक और समाज के विभिन्न वर्ग सामूहिक रूप से श्रमदान के लिए आगे आते हैं, तो स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण होता है।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता को एक दिन के आयोजन तक सीमित नहीं रखते हुए नियमित रूप से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने की अपील की गई। कहा गया कि स्वच्छ एवं हरित वातावरण स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव है।
भाजपा मंडल महामंत्री संजय कुमार दास ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं सफाई कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं एवं स्वच्छता कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वच्छता अभियान में मुख्य रूप से भाजपा मंडल महामंत्री संजय कुमार दास, शक्ति केंद्र प्रमुख राजकुमार ठाकुर, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष शेखर शर्मा, बूथ अध्यक्ष वशिष्ठ शर्मा, शुभनकर, राजकिशोर, स्वच्छता पर्यवेक्षक मो. मुस्लिम आलम, स्वच्छता कर्मी शाहरुख शाह, अंजलि देवी, गोशिया खातून, फूलदन, आशिरा, मोहरामी, बुधु, पजीर सहित कई कार्यकर्ताओं एवं कर्मियों ने श्रमदान कर कार्यक्रम को सफल बनाया।