बहादुरगंज/निसार अहमद
गुरुवार की दोपहर एनएच-327 ई स्थित आजाद चौक पर एक तेज रफ्तार डंपर ने बुलेट बाइक को जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है जबकि बाइक पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक का इलाज पूर्णिया के अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, पाठामारी थाना क्षेत्र के काशीबाड़ी निवासी शमशेर रजा गुरुवार दोपहर बुलेट बाइक से बहादुरगंज की ओर से अररिया की तरफ जा रहा था। तभी आजाद चौक पर क्रॉसिंग में डंपर ने बुलेट में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शमशेर रजा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए एनएच-327 ई पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना में शामिल डंपर एवं दुर्घटना ग्रस्त बुलेट नं बीआर 37 ए पी 4476 को जब्त कर लिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।