न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

अररिया में 16 लाख नेपाली रुपये के साथ युवक गिरफ्तार

अररिया/अरुण कुमार

भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ अभियान में एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने 16 लाख नेपाली रुपये के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारत से नेपाल की ओर अवैध रूप से नेपाली मुद्रा ले जाने की तैयारी में है।

इसके बाद 56वीं वाहिनी एसएसबी बथनाहा की डी कंपनी बेला और बसमतिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 197/5 के पास बेला यादव टोला में निगरानी शुरू की।


इसी दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रहे सुपर स्प्लेंडर बाइक (BR-50E-2629) को रोक कर तलाशी ली गई। बाइक सवार की पहचान नेपाल के सुनसरी निवासी 18 वर्षीय परवेज आलम, पिता जमालुद्दीन अंसारी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके झोले से 1000 रुपये के 1000 नोट, 500 रुपये के 1120 नोट और 100 रुपये के 400 नोट बरामद हुए। इनकी कुल राशि 16 लाख नेपाली रुपये है।


पूछताछ में युवक ने बताया कि वह बेला मार्केट से उक्त राशि लेकर बसमतिया निवासी इमाम अंसारी को देने जा रहा था। इसके बाद राशि को नेपाल पहुंचाया जाना था। बरामद नेपाली मुद्रा, मोटरसाइकिल और गिरफ्तार युवक को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कस्टम कार्यालय, फारबिसगंज को सौंप दिया गया।

Share this news

Leave a Comment