सागर चंद्रा/ किशनगंज
नाबालिग लड़की को घर में अकेली पाकर युवक के द्वारा जबरन दुष्कर्म करने और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने का मामला सामने आया है। घटना के कारण जब पीड़िता और उसके परिवार की समाज में बदनामी होने लगी तो भयभीत पीड़िता मामले की शिकायत लेकर पुलिस के समक्ष जा पहुंची। स्थानीय महिला थाने में ठाकुरगंज थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार 15 वर्षीय नाबालिग पीड़िता पर दिघली ठाकुरगंज निवासी वसीम रजा पिता जैदुल रहमान पूर्व से ही बुरी नजर रखता था। दो वर्ष पूर्व जब पीड़िता अपने घर में अकेली थी तो आरोपी वसीम उसके घर पहुंच गया। वसीम ने पीड़िता को झांसे में लेकर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। वसीम ने अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बना लिया।
इसके बाद वसीम ने पीड़िता को शादी करने का झांसा दिया। पीड़िता के शादी करने से इंकार करने पर वह वीडियो वायरल करने की धमकी दे कर उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। लेकिन लोक राज की खातिर पीड़िता ने अपने परिजनों को वसीम के कुकृत्य की जानकारी नहीं दी। इस बीच पीड़िता के परिजन उसके लिए रिश्ता देखने लगे। लेकिन वसीम को जब इसकी जानकारी मिली तो उसने चार अलग-अलग मोबाइल से पीड़िता का अश्लील वीडियो वायरल कर दिया।
परिजनों को जब वायरल वीडियो की जानकारी मिली तो गत 30 अगस्त को वो नाबालिग पीड़िता को साथ लेकर वसीम के घर पहुंचे। लेकिन वसीम के घर वालों ने उनकी पिटाई कर दी। वसीम के पिता जैदुल रहमान ने गमछे से पीड़िता का गला घोंट कर हत्या करने की कोशिश की। जिससे पीड़िता बेहोश होकर जमीन पर गिर गई।
शोरगुल को सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर पीड़िता की जान बचाई। हालांकि मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर पंचायती भी की गई। लेकिन पंचायत से न्याय नहीं मिलने पर पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई। आखिरकार परिजन उसे साथ लेकर न्याय की गुहार लगाने महिला थाने पहुंच गए।
महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।