रिपोर्ट: विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित एकमात्र आधार सेंटर 17 अगस्त 2026 से बंद रहने के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 12 पंचायतों के लिए संचालित इस आधार सेंटर पर रोजाना दर्जनों लोग आधार कार्ड से संबंधित कार्य कराने पहुंचते हैं, लेकिन सेंटर बंद मिलने के कारण उन्हें बिना काम कराए ही बैरंग लौटना पड़ रहा है।
प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से लोग आधार में नाम, पता एवं मोबाइल नंबर सुधार, नया आधार बनवाने तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए प्रखंड मुख्यालय पहुंचते हैं। कई लोग दूर-दराज के गांवों से आने के बावजूद सेंटर बंद रहने के कारण निराश होकर वापस लौट जाते हैं। आधार सेंटर के लगातार बंद रहने से आम लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आधार से संबंधित कार्य अब कई सरकारी योजनाओं और आवश्यक दस्तावेजों के लिए अनिवार्य हो गया है। ऐसे में प्रखंड मुख्यालय का एकमात्र आधार सेंटर लंबे समय से बंद रहने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाना चिंता का विषय है।
जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक स्तर पर पहल के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों की परेशानी लगातार बनी हुई है। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि आधार सेंटर बंद रहने की समस्या को लेकर संबंधित विभाग को लिखित सूचना भेजी गई है। उन्होंने कहा कि सेंटर को जल्द चालू कराने के लिए वरीय पदाधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।