टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र के झुनकी मुशहरा पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय भाग कजलेटा में बुधवार की रात चोरों ने विद्यालय के कार्यालय सहित एक अन्य कमरे का ताला तोड़कर हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
घटना की जानकारी गुरुवार, 3 सितंबर को विद्यालय पहुंचने पर शिक्षिका को हुई।प्रधान शिक्षिका रीता कुमारी सिंह ने टेढ़ागाछ थानाध्यक्ष को दिए आवेदन में बताया कि विद्यालय पहुंचने पर कार्यालय एवं एक अन्य कमरे का ताला टूटा हुआ मिला।
कमरा खोलकर जांच करने पर विद्यालय से लाउडस्पीकर, इम्प्लीफायर, माइक, एक यूनिट (40 ए) तथा पांच बोरा चावल गायब मिले। आवेदन के अनुसार चोरी गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ओझा कंपनी के बताए गए हैं।
प्रधान शिक्षिका ने थाना में आवेदन देकर घटना की जांच कराने, चोरी गए विद्यालय के सामान की बरामदगी तथा चोरी में शामिल लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
विद्यालय में चोरी की घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने विद्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।