किशनगंज/प्रतिनिधि
जिले में अवैध तस्करी और टैक्स चोरी पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। गुरुवार ठाकुरगंज ब्लॉक सभागार में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक गलगलिया चेक पोस्ट पर प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों के साथ विशेष रूप से की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य बिहार के बाहर से होने वाली अवैध तस्करी और फर्जीवाड़े की रोकथाम करना था।
अवैध तस्करी पर रोक:
बैठक के दौरान बाहर से आने वाले गिट्टी, बालू, कोयला, लकड़ी, मवेशी, अवैध शराब (बेडमिशाली), ब्राउन शुगर, स्मैक, गांजा, सोना और चांदी के साथ-साथ फर्जी GST बिल व माइनिंग चालान के जरिए होने वाले फर्जीवाड़े की गहन समीक्षा की गई।
सख्त चेकिंग के निर्देश:
डीएम और एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चेक पोस्ट पर तैनात सभी अधिकारी अपनी ड्यूटी के दौरान पूरी तरह सजग रहें और हर आने-जाने वाले संदिग्ध वाहन की बारीकी से जांच करें।
SOP की जानकारी:
सहायक निदेशक (खान एवं भूतत्व) ने बाहर से आने वाले बालू और गिट्टी लदे वाहनों की जांच के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) की विस्तृत जानकारी दी।
विभागीय समन्वय:
परिवहन, GST और उत्पाद (Excise) विभाग के अधिकारियों ने वाहनों के कागजातों की जांच से जुड़ी तकनीकी जानकारियां मजिस्ट्रेट और पुलिस बल के साथ साझा कीं।
आपसी तालमेल पर जोर : अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय और बेहतर तालमेल के साथ गलगलिया चेक पोस्ट पर नियमित रूप से चौकन्ना रहकर निगरानी सुनिश्चित करें।
उपस्थित प्रमुख अधिकारी:
बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।