न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

KatiharNews:दो दिनों से फिर बढ़ रहा बाढ़ का पानीबरारी-सेमापुर के निचले इलाकों में बढ़ी चिंता

खेतों में पानी फैलने से फसल बर्बाद, मवेशियों के चारे का भी संकट; प्रशासन अलर्ट मोड पर

बरारी /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ का पानी एक बार फिर बढ़ने लगा है। पिछले दो दिनों से बाढ़ पानी बढ़ने की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। पहले से बाढ़ की मार झेल रहे लोगों के सामने अब दोबारा पानी बढ़ने से नई परेशानी खड़ी हो गई है।

कई जगहों पर खेतों में पानी का फैलाव बढ़ने लगा है, जिससे बची हुई फसलों के भी बर्बाद हो गई है। क्षेत्र में गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बीच बाढ़ का पानी फिर से गांवों की ओर फैलने लगा है। खासकर नदी से सटे और निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दिनों बाढ़ का पानी कम होने के बाद उन्हें थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन अब फिर से पानी बढ़ने से उनकी परेशानी दोबारा शुरू हो गई है।

वही मोहनाचांदपुर पंचायत के कुंडी समेत आसपास के इलाकों में बाढ़ का असर पहले से बना हुआ है। वहीं कांतनगर, बिशनपुर, बैसागोविंदपुर, सुखासन, चित्तौड़िया, बासागढ़ा, दुर्गापुर और गुरमेला पंचायत के निचले इलाकों में भी पानी बढ़ने का खतरा बना हुआ है। पानी बढ़ने की स्थिति में इन इलाकों में आवागमन के साथ-साथ ग्रामीणों के दैनिक जीवन पर भी असर पड़ सकता है। बाढ़ के कारण सबसे अधिक परेशानी किसानों को उठानी पड़ रही है।

हजारों एकड़ में लगी फसल पहले ही बाढ़ की चपेट में आकर प्रभावित हो चुकी है। खेतों में दोबारा पानी बढ़ने से किसानों को बची फसल के भी बर्बाद होने की चिंता सताने लगी है। वहीं पशुपालकों के सामने मवेशियों के लिए हरा चारा जुटाना चुनौती बन गया है। इधर, पानी दोबारा बढ़ने की सूचना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। मोहन कुमार राय, राजीव कुमार यादव और मनोहर कुमार राम सहित लोगों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो पहले से प्रभावित गांवों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से समय रहते नाव, प्लास्टिक, पीने के पानी, पशु चारा और अन्य जरूरी राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग की है।अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि पिछले दो दिनों से क्षेत्र में दोबारा बाढ़ का पानी भरने की सूचना प्राप्त हो रही है।

प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्लास्टिक की व्यवस्था जल्द से जल्द कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Share this news

Leave a Comment