कटिहार – श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर अरुण चौधरी सरस्वती शिशु मंदिर, बरमसिया कटिहार में राधा-कृष्ण रूप-सज्जा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप ज्योति प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके उपरांत भगवान श्रीराधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती संपन्न हुई।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव अमित कुमार गुप्ता, समिति सदस्य एवं दंत चिकित्सक डॉ. लीलाधर महेश्वरी, जनार्दन यादव तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह जिला संचालक, गोविंद शर्म की उपस्थिति रही।
विद्यालय सचिव अमित कुमार गुप्ता ने भैया-बहनों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महत्व से अवगत कराते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, आदर्शों एवं उनके संदेशों पर प्रकाश डाला तथा सभी को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।विद्यालय के सभी आचार्य जी, दीदी जी एवं विद्यालय परिवार के सहयोग से कार्यक्रम संपन्न हुआ और अंत में शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।