शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति, बुनियादी सुविधाओं व मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का लिया जायजा
हसनगंज/कटिहार – उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय हसनगंज का बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की पढ़ाई, बुनियादी सुविधाओं तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने विद्यालय पहुंचकर सबसे पहले उपस्थिति पंजी की जांच की और विद्यालय में मौजूद शिक्षकों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को नियमित रूप से कक्षा संचालन एवं विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने विद्यालय परिसर, पेयजल, शौचालय, बिजली, साफ-सफाई सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
इसके अलावा मध्याह्न भोजन की व्यवस्था का जायजा लेते हुए भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा बच्चों को निर्धारित मानक के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक मध्याह्न भोजन और जरूरी बुनियादी सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। विद्यालय की व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों की शिक्षा पर पूरी गंभीरता से ध्यान दें। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के नियमित निरीक्षण से शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार आएगा और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का माहौल मिलेगा। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शिक्षक,कर्मी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।