न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

ग्रामीण बैंक चांदपुर शाखा ने चलाया विशेष ऋण वसूली अभियान

कर्जदारों के ठिकानों पर पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारी

एकमुश्त राशि जमा करने पर मिली राहत

कदवा/कटिहार-उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की चांदपुर शाखा की ओर से विशेष ऋण वसूली अभियान चलाया गया।इस दौरान बैंक के अधिकारी को कदवा थाना पुलिस के साथ विभिन्न गांवों के लंबे समय से ऋण की राशि नहीं लौटाने वाले ऋणधारकों के घर पहुंचकर ऋण की बकाया राशि जमा कर देने तथा नहीं देने पर कानूनी कारवाई किये जाने की बात करते देखे गये ।

बैंक एवं पुलिस की संयुक्त टीम को देखकर ऋणधारकों में खलबली मची हुई है।इस अभियान के तहत चौनी, पिपरा, छतियन, नया टोला परभेली, सधेली, रानी कोला सहित विभिन्न गांवों में ऋण वसूली को लेकर सघन अभियान चलाया गया।कार्रवाई के दौरान बकायेदारों को हिरासत में लिये जाने तथा राशि जमा कर दिये जाने पर छोड़ दिये जाने की बात भी सामने आई है।

अभियान का नेतृत्व शाखा के शाखा प्रबंधक मोहन मधुकर कर रहे थे।जबकि वरीय अधिकारी विकी पासवान, कुणाल कुमार सहित कई अन्य बैंक अधिकारी भी साथ रहे तो वहीं कदवा थाना पुलिस टीम का भी अभियान में सक्रिय सहयोग रहा।बैंक अधिकारियों ने बताया कि ऋण की ससमय अदायगी न केवल बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करती है, बल्कि जरूरतमंद लोगों को भविष्य में ऋण सुविधा उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

बैंक की ओर से बकाया ऋणधारकों से अपील की गई कि वे जल्द बकाया राशि का भुगतान कर बैंक को सहयोग करें।क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभात रंजन ने बताया कि ऋण वसूली को लेकर इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने ऋणधारकों से अपील करते हुए कहा कि वे बकाया को लेकर बैंक से संपर्क करें और उपलब्ध समझौता योजनाओं का लाभ उठाएं।उन्होंने बताया कि आगामी 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।

जिसमें बकायेदार ऋणधारकों को समझौता के माध्यम से ऋण खाते का निपटारा करने का अवसर मिलेगा।पात्र मामलों में विशेष छूट का लाभ दिया जा सकता है तथा राष्ट्रीय लोक अदालत में नियमानुसार कोर्ट फीस से भी राहत मिलेगी।बैंक प्रबंधन ने बकायेदारों से अपील की है कि कार्रवाई की प्रतीक्षा करने के बजाय समय रहते बैंक से संपर्क कर अपने ऋण खाते का समाधान करा लें।

Share this news

Leave a Comment