बहादुरगंज (किशनगंज) निसार अहमद
शनिवार की देर शाम बहादुरगंज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुदरी बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप से लॉटरी के एक कथित कारोबारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पलासमनी कॉलेज चौक वार्ड नं 4 निवासी नसीम अख्तर, पिता अब्दुल गफ्फार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से नागालैंड स्टेट की 14 बंडल लॉटरी टिकट बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को दुर्गा मंदिर के समीप लॉटरी कारोबार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी शुरू की। पुलिस को देखते ही कथित कारोबारी बाइक से भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और घायल हो गया।
घायल होने के कारण उसका प्राथमिक उपचार हुआ जहां गंभीर हालत के तहत किशनगंज रेफर किया गया है। पुलिस द्वारा बरामद लॉटरी टिकटों एवं टीवीएस बाइक नं बीआर 37 ए एफ 8606 को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।