कोढा /कटिहार – कोढ़ा थाना क्षेत्र के कोलासी पुलिस शिविर अंतर्गत एनएच-81 पर कोलासी पेट्रोल पंप के समीप बुधवार को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में बाइक सवार खेरिया गांव निवासी दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार बाइक से कोलासी की ओर से गेडाबाड़ी जा रहे थे।
इसी दौरान गेराबाड़ी की दिशा से आ रहे पिकअप वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। लोगों ने दोनों घायलों को सड़क से उठाया और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज कटिहार भेज दिया। वहां दोनों घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-81 पर लगातार तेज गति से वाहनों का परिचालन होने के कारण सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। कोलासी पेट्रोल पंप के आसपास वाहनों की आवाजाही अधिक होने से दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। सूचना मिलने के बाद कोलासी पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन के संबंध में भी जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई थी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।