फलका /कटिहार – फलका बाजार स्थित एक बाइक गैरेज में बुधवार की सुबह करीब दस बजे एक बड़ा हादसा हो गया।ट्रैक्टर की ट्रॉली में हवा भरने के दौरान अचानक टायर ब्लास्ट कर गया। इस दुर्घटना में हवा भर रहा युवक सह गैरेज कर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल युवक की पहचान मोरसंडा गांव निवासी गुलशन कुमार ठाकुर (25) के रूप में हुई है।घटना के बारे में बताया जाता है कि गुलशन कुमार ठाकुर फलका बाजार स्थित अपने जीजा गुड्डू कुमार निवासी गोपालपट्टी के बाइक गैरेज में काम करता था।
बुधवार सुबह वह एक ट्रैक्टर की ट्रॉली के टायर में हवा भर रहा था, तभी अचानक जोरदार धमाके के साथ टायर फट गया।धमाका इतना तेज था कि गुलशन बुरी तरह घायल हो गया।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से जख्मी युवक को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फलका लाया गया।
जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद युवक की हालत को अत्यंत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।चिकित्सकों के मुताबिक युवक की स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना के बाद से घायल युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।