न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की बैठक आयोजित ,एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा बने मुख्य कार्यकारी अधिकारी,ऑपरेशन सिंदूर में निभाई थी अहम भूमिका 

अयोध्या : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के न्यासी मंडल की बैठक बुधवार को अयोध्या में संपन्न हुई। बैठक में न्यासी मंडल में रिक्त स्थानों की पूर्ति, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति, वित्तीय मामलों, वार्षिक लेखों की स्वीकृति और विभिन्न जांचों की प्रगति समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के चयन के लिए गठित समिति की अनुशंसा पर सेवानिवृत्त वायुसेना अधिकारी जीतेंद्र मिश्रा को सीईओ नियुक्त किया गया। मालूम हो को वायुसेना में 31 वर्ष की सेवा और नेतृत्व का लंबा अनुभव रखने वाले मिश्रा को सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल से भी सम्मानित किया जा चुका है। पिछले वर्ष के सफल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भी उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन की भूमिका रही थी।

न्यास ने तीन रिक्त न्यासी पदों पर महेश भागचंदका, मदनमोहन पांडे और डॉ. निर्मला यादव की नियुक्ति पर भी मुहर लगाई। इनके परिचय बैठक में प्रस्तुत किए गए।

बैठक में न्यास के पदाधिकारियों के दायित्वों पर भी चर्चा हुई। निर्णय के अनुसार स्वामी गोविंददेव गिरि महामंत्री पद पर बने रहेंगे, जबकि महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। न्यास मंडल ने पिछले दो माह की चुनौतीपूर्ण अवधि में महामंत्री पद का दायित्व सफलतापूर्वक निभाने के लिए कृष्ण मोहन की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार जताया।

वित्तीय अनियमितताओं की जांच पर भी चर्चा

बैठक में उच्चतम न्यायालय में कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित याचिका पर विशेष जांच दल की जांच और न्यायालय द्वारा पारित आदेश पर भी चर्चा हुई। न्यास ने कहा कि जांच से सत्य सामने आएगा और जनमानस में फैले भ्रम का निवारण हो सकेगा। चढ़ावे की नकद राशि की गणना में मानवीय हस्तक्षेप कम करने के प्रयासों और दो बैंकों तथा आईटी से मिले प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।

न्यास की आय 237 करोड़, खर्च 91 करोड़

वित्त वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखों के अनुसार न्यास की कुल आय 237 करोड़ रुपये और व्यय 91 करोड़ रुपये रहा। निर्माण आदि कार्यों पर करीब 425 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय हुआ। 31 मार्च 2026 को न्यास के पास कुल उपलब्ध राशि करीब 1,882 करोड़ रुपये थी। न्यासी मंडल ने वार्षिक लेखों को भी अनुमोदित कर दिया।

Share this news

Leave a Comment