न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

नशे के खिलाफ किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 952 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार



जब्त हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय कीमत 2 करोड़ रुपए आंकी गई

संवाददाता/किशनगंज

नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गलगलिया थाना क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सुरक्षा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 952 ग्राम हेरोइन/ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि गलगलिया थाना क्षेत्र के डीकोटाली वार्ड संख्या-04 निवासी मो. जलाल पे. नूर मोहम्मद अपने घर में मादक पदार्थ का भंडारण कर खरीद-बिक्री कर रहा है।

सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में गलगलिया थानाध्यक्ष पुअनि राकेश कुमार तथा एसएसबी की टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 952 ग्राम हेरोइन/ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मो. जलाल को गिरफ्तार कर लिया।


जिला पुलिस कार्यालय द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि  पूछताछ में आरोपी ने मादक पदार्थ को घर में रखकर खरीद-बिक्री करने की बात बताई है। गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों और इसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।

मामले में गलगलिया थाना कांड संख्या 89/26, दिनांक 2 सितंबर 2026 को धारा 8(सी)/21(सी)/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Share this news

Leave a Comment