प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रणवीर सिंह के नेतृत्व में लोक अदालत भवन में आयोजित हुआ कार्यक्रम
कटिहार – जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटिहार के तत्वावधान में गुरुवार को लोक अदालत भवन में 77 वां संविधान दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रणवीर सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कमलेश सिंह देवू ने उपस्थित सभी लोगों को संविधान की प्रस्तावना एवं संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई।
वहीं पारा विधिक स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता निभाई। इस दौरान भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है तथा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह इसके मूल्यों और आदर्शों का सम्मान करे। सभी की सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में सभी न्यायिक पदाधिकारियों,न्यायिक कर्मियों, पैनल अधिवक्ताओं, प्रशिक्षित मध्यस्थों, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मियों ने भाग लिया।