4.38 लाख रुपये भुगतान पर गृह मंत्रालय को होगा स्थायी हस्तांतरण
प्रतिनिधि/किशनगंज
भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से ठाकुरगंज अंचल में एसएसबी के पांच वॉच टावरों के निर्माण के लिए बिहार सरकार की 11.884 एकड़ भूमि पर 4 लाख 38 हजार 63 रुपये भुगतान निर्धारित किया गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग मंत्री डॉक्टर दिलीप कुमार जायसवाल की पहल पर इस प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद की स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
प्रस्ताव के अनुसार, ठाकुरगंज अंचल के विभिन्न मौजा, थाना, खाता और खेसरा में स्थित सरकारी भूमि पर 19वीं एवं 41वीं वाहिनी एसएसबी के वॉच टावरों का निर्माण किया जाना है। प्रस्ताव को पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त की अनुशंसा भी प्राप्त है। इसके साथ ही राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री, गृह विभाग और वित्त विभाग की सहमति भी मिल चुकी है।
भूमि विवरणी के मुताबिक, 19वीं वाहिनी के लिए चुरली मौजा के तबल भीठा में, दल्लेगांव के पाठामारी में वाच टॉवर निर्माण प्रस्तावित है।वहीं 41वीं वाहिनी के लिए बक्सर भीठा, नेंगड़ा डुबा और निमुगुड़ी में प्रस्तावित है।
अब इस प्रस्ताव पर राज्य मंत्रिपरिषद की मुहर लगने का इंतजार है। स्वीकृति मिलने के बाद एसएसबी के वॉच टावर निर्माण का रास्ता साफ हो सकेगा।