गुरबाणी कीर्तन से गूंजा ऐतिहासिक गुरुद्वारा लक्ष्मीपुर
बरारी /कटिहार – प्रखंड के लक्ष्मीपुर पंचायत स्थित श्री गुरु तेग बहादुर ऐतिहासिक गुरुद्वारा लक्ष्मीपुर में सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में सुबह से ही धार्मिक उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। जयंती समारोह में शामिल होने के लिए आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारा पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु साहिब के समक्ष शीश नवाया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, क्षेत्र की खुशहाली और समाज में शांति एवं भाईचारे की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा के ग्रंथी जीवन सिंह ने गुरबाणी कीर्तन एवं भजन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। उनके द्वारा प्रस्तुत मधुर कीर्तन से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिरस में डूब गया। श्रद्धालु पूरे श्रद्धाभाव के साथ गुरबाणी का श्रवण करते रहे। बीच-बीच में वाहेगुरु के जयकारों से गुरुद्वारा परिसर गूंज उठता था। धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
वहीं, गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से अटूट लंगर की व्यवस्था की गई थी। इसमें बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बिना किसी भेदभाव के एक साथ बैठकर गुरु का लंगर ग्रहण किया। लंगर सेवा में सेवा भाव और समर्पण की भावना देखने को मिली। गुरुद्वारे में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण भी किया गया। उल्लेखनीय है कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के माध्यम से पूरी मानवता को प्रेम, समानता,सत्य, ईमानदारी और सेवा का संदेश दिया।
उन्होंने जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को एक समान मानने की सीख दी। उनका संदेश आज भी समाज को एकता, सद्भाव और मानव सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जयंती समारोह के दौरान गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में प्रेम, भाईचारा और मानवता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।