कटिहार– प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी बैंकों के जिला समन्वयक, वेंडर, जिले के विद्युत कनीय, सहायक एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक में अब तक प्राप्त आवेदनों एवं स्थापित सोलर रूफटॉप की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि यह योजना केंद्र सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य हर घर की छत पर सोलर पैनल लगाकर 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना एवं उपभोक्ताओं को बिजली बिल से मुक्ति दिलाना है। उन्होंने बिजली विभाग एवं संबंधित एजेंसियों को प्रत्येक प्रखंड में कैंप लगाकर अधिक से अधिक लाभुकों का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने योजना के तहत सब्सिडी उपलब्ध कराने की कारवाई तेज कर सब्सिडी के लंबित मामलों का 7 दिनों के अंदर निष्पादन करने का निर्देश दिया।वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और बैंकों से मिलने वाले सस्ते ऋण की जानकारी देने के लिए प्रखंड स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने का भी निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने वेंडरों को गुणवत्ता पूर्ण पैनल लगाने एवं समय पर इंस्टॉलेशन पूरा करने को लेकर सख्त निर्देश दिया तथा लापरवाही बरतने वाले वेंडरों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी । उन्होने अधिकारियों से कहा कि सूर्य घर योजना में कटिहार को राज्य में अग्रणी जिला बनाने के लिए मिलकर कार्य करें।