फलका/कटिहार – पोठिया थाना क्षेत्र के खोटा गांव में अपराध की बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे तीन युवकों को एसटीएफ और पोठिया पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में एक विधि विरुद्ध बालक भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल,दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया है।पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में संभावित आपराधिक घटना टल गई। थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि खोटा गांव निवासी सोनू कुमार अपने घर में कुछ युवकों के साथ बैठकर अपराध की बड़ी योजना बना रहा है।मामले को गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ की टीम और पोठिया पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
इस दौरान मौके से तीन युवकों को हिरासत में लिया गया तथा आरोपियों की तलाशी के क्रम में एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस एवं एक मोबाइल बरामद किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खोटा गांव निवासी सोनू कुमार (21) और मुन्ना कुमार (19) के रूप में हुई है।इनके साथ एक विधि विरुद्ध बालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपित किस आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे और इनके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।थानाध्यक्ष ने आगे बताया कि आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज आगे की कार्रवाई की जा रही है।