इरफान/पोठिया
प्रखंड में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पोठिया बाजार सहित प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने और मीटर बायपास कर बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध ताबड़तोड़ काईवाई की गई है।
विभाग द्वारा की गई कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। पोठिया बाजार वार्ड नंबर 14, पंचायत बुधरा निवासी बलराम सिंह के विरुद्ध बिजली चोरी का मामला सामने आया है। कनीय विद्युत अभियंता प्रमोद कुमार द्वारा पोठिया थाने में विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 एवं 138 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विद्युत विभाग की गठित छापेमारी टीम ने बलराम सिंह के आवासीय परिसर में औचक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि उनकी दिवंगत माता स्व बसंती देवी के नाम से आवंटित विद्युत कनेक्शन उपभोक्ता संख्या 10320004046, मीटर संख्या 1990515 का उपयोग मीटर को बायपास करते हुए अवैध रूप से घरेलू कार्यों के लिए किया जा रहा था। मौके पर कुल 2000 वाट का भार अवैध रूप से संचालित पाया गया।
इस अवैध बिजली उपयोग के कारण नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड को कुल 20,670 रुपये की राजस्व क्षति हुई है। जेई के आवेदन पर पुलिस ने बिजली चोरी मामले में कांड संख्या 399/26 दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसके अलावे विद्युत विभाग की टीम ने बुधरा पंचायत के जगडुब्बा, बुधरा, नौकट्टा पंचायत के घियागांव जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में भी छापेमारी अभियान चलाया है। इन क्षेत्रों में भी बिना वैध कनेक्शन मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली चोरी करने के कई मामले सामने आए है, संबंधित मामलों में भी कांड संख्या 397/26, 398/26, 400/26 दर्ज की गई हैं।