5-6 दिसंबर को भी सभी मतदान केंद्रों पर चलेगा विशेष अभियान
बारसोई /कटिहार – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से दो चरणों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रथम अभियान दिवस 21 नवंबर शनिवार एवं 22 नवंबर रविवार को निर्धारित किया गया है। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल ऑफिसर बीएलओ मौजूद रहेंगे। मतदाता अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं तथा नाम पता एवं अन्य विवरण में त्रुटि होने पर आवश्यक सुधार करवा सकते हैं।
वहीं जिन योग्य नागरिकों का नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। वे भी नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।इसके बाद द्वितीय विशेष अभियान 5 दिसंबर एवं 6 दिसंबर को चलाया जाएगा। इस दौरान भी सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।उक्त जानकारी अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान को लेकर अनुमंडल कार्यालय के सभा भवन में 64-बलरामपुर एवं 65-कदवा विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की जानकारी देते हुए जनप्रतिनिधियों से आम मतदाताओं के बीच जागरूकता फैलाने की अपील की गई।अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित दोनों अभियान दिवसों पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।
यदि किसी प्रकार की त्रुटि है या परिवार के किसी योग्य सदस्य का नाम छूट गया है। तो बीएलओ के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं। उन्होंने कहा कि निर्धारित 11 दिसंबर तक अभियान की रिपोर्ट भेजी जानी है। इसलिए कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या सुधार कराने के इस महत्वपूर्ण अवसर से वंचित न रहे।