संवाददाता: राहुल कुमार
शहर के पुराना खगड़ा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में उत्पाद विभाग के द्वारा विशेष नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। उत्पाद निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छात्र छात्राओं को जागरूक किया गया ।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कम उम्र में ही बच्चों को नशे की प्रवृत्ति व उसके गंभीर दुष्परिणामों के प्रति सचेत करना तथा उनके माध्यम से परिवार और समाज तक नशा मुक्ति का संदेश पहुँचाना था।
अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं और उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मियों के साथ संवाद किया। बच्चों को बताया गया कि नशा किस प्रकार स्वास्थ्य, पढ़ाई, करियर और पारिवारिक सुख-शांति को नुकसान पहुँचाता है। इसके साथ ही उन्हें यह भी समझाया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास या परिवार में किसी को नशे की लत में पड़ने से रोकने में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को सामूहिक रूप से नशा के विरुद्ध शपथ दिलाई गई, जिसमें बच्चों ने नशा न करने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया।
इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने में उत्पाद विभाग के अधिकारियों और विद्यालय प्रशासन की सक्रिय मौजूदगी रही। कार्यक्रम में उत्पाद निरीक्षक मोहम्मद हैदर अली के साथ अवर निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, प्रधानाध्यापक मोहम्मद नसीम अख्तर एवं विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद थे।