संवाददाता/किशनगंज
सदर थाना क्षेत्र के खगड़ा स्थित साईं बिल्डिंग में खड़ी खनन पदाधिकारी के स्कॉर्पियो गाड़ी का लॉक तोड़कर वाहन की बैटरी की चोरी कर ली गई। इस संबंध में वाहन चालक होमगार्ड जवान देवेंद्र लाल दास मोतीबाग निवासी के बयान पर किशनगंज सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार खनन पदाधिकारी के छठ पूजा के अवकाश में जाने के कारण वे 11 नवंबर की रात स्कॉर्पियो वाहन को साईं बिल्डिंग के नीचे सुरक्षित खड़ा किया था।
छुट्टी समाप्त होने के बाद जब वे 18 नवंबर की सुबह अपनी ड्यूटी पर लौटे तो गाड़ी का लॉक टूटा हुआ और बोनट खुला पाया। जांच करने पर पता चला कि गाड़ी के अंदर लगी मुख्य बैटरी गायब है।
इधर आवेदन मिलने के बाद किशनगंज सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि चोरी मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है।