खेलते-खेलते घर के समीप पोखर में डूबे दोनों बच्चे
मनिहारी /कटिहार – मनिहारी प्रखंड अंतर्गत महेशाडीह गांव में शुक्रवार 20 नवंबर को दर्दनाक हादसे में दो मासूम भाई-बहन की पोखर में डूबने से मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। दोनों बच्चे घर के समीप खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते पास के पोखर में चले गए और डूब गए।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। जबकि परिवार में कोहराम मचा हुआ है।मृत बच्चों की पहचान महेशाडीह गांव, वार्ड संख्या-9 निवासी चतुर सोरेन के पुत्र प्रेम सोरेन (7) एवं पुत्री विनिता सोरेन (5) के रूप में हुई है। दोनों ही परिवार के इकलौते भाई-बहन थे।
बच्चों की असमय मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बच्चों का परिवार काफी गरीब बताया जा रहा है। घटना की सूचना पर मनिहारी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेजने हेतु कागजी प्रक्रिया पूरी की गई।
दुखद की इस घड़ी में मुखिया प्रतिनिधि ललन कुमार यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों से पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने की अपील की।