स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के विरुद्ध जताया आक्रोश
कदवा/कटिहार– कदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनैली बाजार में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि ओवरलोड बाल लदा एक ट्रक ने कोचिंग जा रहे छात्र को अपनी चपेट में ले लिया। मृतक की पहचान केशव आनंद(15) पिता अजय ठाकुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सुबह छात्र सायकिल से हर रोज की तरह कोचिंग पढ़ने के लिए जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ओवरलोड ट्रक की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।छात्र की मौत की खबर फैलते ही सोनैली बाजार में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।
आक्रोशित लोगों ने पूरे बाजार को बंद करा दिया और सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान हादसे में शामिल ट्रक में भी तोड़फोड़ की गई तथा सड़क पर आगजनी कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की गई। घटना की सूचना मिलते ही बारसोई एसडीएम राजु कुमार, डीएसपी मंगलेश कुमार सिंह समेत कई वरीय अधिकारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ अपनी मांगों पर अड़ी रही।
स्थानीय लोगों की प्रमुख मांग थी कि सोनैली बाजार में भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाते हुए नो-एंट्री व्यवस्था लागू की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके। मृतक छात्र का शव सड़क पर ही पड़ा था और आक्रोशित लोग मुआवजे तथा सोनैली बाजार में नो-एंट्री लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।घटना ने एक बार फिर ओवरलोड वाहनों के परिचालन और अनियंत्रित यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है।